Saturday, July 27
Shadow

By election 2020: मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात समेत किस राज्य की किन-किन विधानसभा सीटों पर होने हैं उपचुनाव?

चुनाव आयोग ने एक लोकसभा और 56 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। तीन और सात नवंबर को वोटिंग होने के बाद 10 नवंबर को नतीजों की घोषणा होगी। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा आदि जैसे राज्यों में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान की तारीख 3 नवंबर तय की गई है, जबकि बिहार की एक लोकसभा सीट और मणिपुर की दो विधानसभा सीटों पर वोटिंग 7 नवंबर को होगी। वहीं, चुनाव आयोग केरल, तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव फिलहाल नहीं कराएगा। आयोग ने इसके पीछे वजह बताई है कि इन राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों ने चुनाव कराने में कुछ दिक्कतों की बात कही थी। यहां जानिए, किस राज्य की किन-किन विधानसभा और लोकसभा की सीटों पर होने हैं उपचुनाव- 

56 सीटों पर होने हैं विधानसभा उपचुनाव

मध्य प्रदेश: राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान होने जा रहे हैं। ये सीटें मार्च महीने में ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीजेपी में शामिल होने के बाद कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे देने और कुछ विधायकों के निधन के बाद खाली हुई हैं। इन सीटों में– जौरा, सुमावली, मुरैना, दिमनी, अंबाह, आगर-मालवा, ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व, मेहगांव,  मंधाता और ब्यावरा, गोहद, डबरा, भांडेर, मुंगावली, सुरखी, सांची, हाटपिपल्या, सुवासरा, अनूपपुर, सांवेर, बदनावर, जौरा, नेपानगर, मलहारा, करेरा, पोहरी, बामोरी, अशोकनगर– शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: UP, MP, गुजरात में उपचुनाव के लिए तारीखों का ऐलान, 10 नवंबर को नतीजे

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान किया गया है। राज्य में उपचुनाव के लिए वोटिंग 3 नवंबर को होगी। जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं, उनमें– नौगांवा सादात, बुलंदशहर, टुंडला, बांगरमऊ, घाटमपुर, देवरिया, मल्हनी की सीटें शामिल हैं।

गुजरात: राज्य की आठ सीटों पर उपचुनाव का ऐलान किया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार जिन सीटों पर उपचुनाव होंगे, उनमें–अबडासा, लिंबडी, मोरबी, धारी, गढड़ा, करजन, डांग्स, कपराडा– शामिल हैं।

झारखंड: राज्य की दो सीटें हैं, जिनपर इस बार उपचुनाव कराया जाएगा। इन दो सीटों के नाम, दुमका और बेरमो हैं।

छत्तीसगढ़: राज्य की मरवाही सीट पर उपचुनाव करवाए जाएंगे।

हरियाणा के बरोदा विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए तारीखों का ऐलान किया गया है।

कर्नाटक: राज्य की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तारीखों की घोषणा की गई है। इन दो सीटों में सिरा और राजाराजेश्वरीनगर शामिल हैं।

मणिपुर की लिलोंग, वांगजिंग ठेंठा, नगालैंड की दक्षिणी अंगामी, पुंगरो किफिरे, ओडिशा की बालासोर, तिरतोल और तेलंगाना की दुब्बक सीट पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। इसके अलावा, बिहार की वाल्मिकी नगर की सीट पर लोकसभा चुनाव भी करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *