Saturday, July 27
Shadow

समस्तीपुर, दरभंगा समेत 5 जिलों के कई बूथों में EVM खराब होने से मतदान में देरी

बिहार में चुनाव है। तीन फेज में वोटिंग होनी है। दूसरे फेज की 94 सीटों पर मतदान जारी है। 5 जिलों के कई बूथों में EVM खराब होने से वोटिंग देर से शुरू हुई। 1,463 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 1,316 पुरुष और 146 महिलाएं हैं, जबकि एक ट्रांसजेंडर है। तीसरे फेज की वोटिंग 7 नवंबर को होगी। नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।

कोरोना के चलते चुनाव आयोग ने वोटिंग का समय एक घंटे बढ़ाया है। 94 में से 86 सीटों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोट पड़ेंगे। बाकी बची 8 सीटों पर सुबह 7 से 4 बजे तक ही वोटिंग होगी। इसमें तेजस्वी यादव की राघोपुर सीट भी शामिल है।

जिन 94 सीटों पर वोटिंग हो रही है, 2015 में उनमें से 50 सीटें जदयू और भाजपा ने जीती थीं। 33 सीटों पर राजद को जीत मिली थी। पार्टी के लिहाज से देखें तो 2015 में सबसे ज्यादा 33 सीटें राजद को, 30 सीटें जदयू को और 20 सीटें भाजपा को मिली थीं।

  • उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने वोट देने के बाद कहा कि लोग घरों से निकलें और मताधिकार का इस्तेमाल करें। सोशल डिस्टेंसिंग रखें और मास्क पहने।
  • समस्तीपुर की उजियारपुर विधानसभा के लोकनाथपुरगंज के बूथ नंबर 245A की EVM मॉकपोल के दौरान ही खराब निकली। सेक्टर मजिस्ट्रेट को जानकारी दी गई। फिर टीम ने आकर ठीक किया। 15 मिनट लेट से मतदान शुरू हुआ।
  • दरभंगा शहरी में बूथ नंबर 89, गोपालगंज में बूथ 121 और 136, मुजफ्फरपुर के उर्दू मध्य विद्यालय, बेगूसराय के बछवाड़ा में भी EVM खराब होने से वोटिंग शुरू होने में देरी हुई।

दूसरे फेज की 5 बड़ी बातें

  1. सबसे ज्यादा 27 उम्मीदवार महाराजगंज और सबसे कम 4 उम्मीदवार दरौली सीट पर।
  2. सबसे ज्यादा 52 सीटों पर राजद, 44-44 पर भाजपा और लोजपा चुनाव लड़ रही है। जदयू 34 और कांग्रेस 22 सीटों पर मैदान में है।
  3. 41 हजार 362 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। 60 हजार 240 EVM का इस्तेमाल होगा।
  4. वोटर के लिहाज से पीरपैंती सबसे बड़ी विधानसभा है। यहां 3.34 लाख वोटर हैं। इनमें 1.78 लाख पुरुष, 1.56 लाख महिला और 12 ट्रांसजेंडर हैं।
  5. चेरिया बेरियारपुर वोटर के लिहाज से सबसे छोटी विधानसभा है। यहां 2.48 लाख वोटर हैं। इनमें 1.30 लाख पुरुष, 1.17 लाख महिलाएं और 22 ट्रांसजेंडर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *