Saturday, July 27
Shadow

अक्षरा सिंह को ढूंढने मुंबई पहुंची पुलिस, भोजपुरी अभिनेत्री ने बिहार की अदालत में किया सरेंडर

हाजीपुर (वैशाली) : वैशाली जिले के लालगंज थाने की पुलिस भोजपुरी गायिका एवं एक्ट्रेस अक्षरा सिंह को ढूंढने मुंबई गई और इधर सोमवार को उन्होंने ने हाजीपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सब जज तीन सह एसीजेएम द्वितीय सुनील कुमार त्रिपाठी के न्यायालय में अक्षरा ने सरेंडर किया। कोर्ट ने सुनवाई के उपरांत अक्षरा सिंह को नियमित जमानत दे दी। बताते चलें कि वैशाली के जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्येंद्र पांडेय की कोर्ट से दो दिनों पूर्व ही उन्हें अग्रिम जमानत मिली थी। नियमित जमानत मिलने पर अक्षरा ने न्यायालय एवं कानून के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा से कानून का पालन किया है। 

साल 2021 का है मामला

गौरतलब हो कि 23 अप्रैल 2021 की रात लालगंज के पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के भतीजे के उपनयन संस्कार में आयोजित कार्यक्रम में अक्षरा सिंह ने अपनी प्रस्तुति दी थी। इस कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हुआ हुआ था। वायरल वीडियो में अक्षरा सिंह के कार्यक्रम के दौरान दो राउंड फायरिंग भी गयी थी। मामले में लालगंज के तत्कालीन थानाध्यक्ष सीबी शुक्ला के कोविड-19 के उल्लंघन के आरोप में पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला, उनकी पत्नी पूर्व विधायक अनु शुक्ला, बाडीगार्ड और भोजपुरी फिल्म एक्ट्रेस अक्षरा सिंह पर प्राथमिकी करायी थी। 

पटना आवास पर पुलिस ने नोटिस चस्पा किया था

इस मामले में कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर बीते 10 नवंबर को पुलिस ने अक्षरा सिंह के पटना के कंकड़बाग स्थित आवास पर लालगंज थाना की पुलिस ने नोटिस चस्पा किया था। इस मामले में भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह को जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायालय से दो दिन पहले अग्रिम जमानत मिली थी। सोमवार को उन्होंने सब जज तीन सह एसीजेएम सेकेंड सुनील कुमार त्रिपाठी के न्यायालय में सरेंडर कर दिया। इसके बाद उन्हें न्यायालय से नियमित जमानत मिल गई। कोर्ट में सरेंडर करने के बाद अक्षरा सिंह जिला पार्षद मनीष शुक्ला के बागमली स्थित आवास पर पहुंची और वहां कुछ देर रुकने के बाद पटना के लिए रवाना हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *