मधेपुरा के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में बुधवार की रात को अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृत युवक की पहचान शाहपुर गांव के अनिल सिंह के पुत्र पुष्पराज उर्फ अमन के रूप में हुई है। हत्या कर उसका शव शाहपुर स्कूल के समीप सड़क फेंक दिया गया था। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विजय पासवान ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अब तक उसकी हत्या के कारण का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार पुष्पराज उर्फ अमन बुधवार की शाम लगभग सात बजे किसी का फोन आने पर घर से निकला था। उसने स्वजनों को कुछ देर में वापस लौटने की बात कही थी। लेकिन देर रात तक उसके वापस नहीं आने पर उसकी खोज शुरू की गई। लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। सुबह में निकले ग्रामीणों की नजर शाहपुर मध्य विद्यालय के पुरब सिंदुआरी गांव जाने वाली सड़क के बगल में पड़ी एक शव पर पड़ी। शव देखने वहां लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी जानकारी ग्वालपाड़ा पुलिस को दी गई।
थानाध्यक्ष विजय पासवान ने सदलबल वहां पहुंच कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान शव कि पहचान हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा। दूसरी ओर इस घटना से अमन के घर में कोहराम मच गया है। वह माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर सुनते ही मां नूतन कुमारी बेहोश हो गई। लोग स्वजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
गांव में शोक की लहर
पुष्पराज की मौत के बाद गांव में शोक की लहर है। कहा जा रहा है कि वह बढि़या लड़का था। उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फिर भी इसकी हत्या कैसे हुई। स्वजन शोक में डूबे हैं।