इस वक्त की बड़ी खबर पूर्णिया से आ रही है जहां अपहृत लोजपा नेता अनिल उरांव की हत्या कर दी गयी। फिरौती की रकम लेने के बाद अपहर्ताओं ने इस घटना को अंजाम दिया है। के. नगर के ढगराहां में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी है।
अनिल उरांव का अपहरण 29 अप्रैल को हुआ था। जिसमें 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गयी थी। परिजनों ने फिरौती की रकम भी पहुंचायी लेकिन फिरौती देने के बावजूद अपहर्ताओं ने उनकी हत्या कर दी। आशंका जतायी जा रही है कि गोली मारने से पहले उनकी पिटाई की गयी है।
लोजपा के आदिवासी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल उरांव का अपहरण खजांची हाट थाना क्षेत्र से किया गया था। अनिल उरांव की हत्या से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। हत्या की घटना से आक्रोशित लोग सड़क पर उतर गये है। घटना के विरोध में लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया है। इससे पहले शनिवार को भी आक्रोशित लोगों ने अनिल उरांव की बरामदगी को लेकर सड़क को जाम किया था। तब पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया था। आज रविवार को अनिल उरांव का शव मिलने के बाद एक बार फिर से लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और जमकर हंगामा मचा रहें है।